रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। किसानों की फसल की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में कृषक श्री जयंतीलाल पाटीदार के खेत का निरीक्षण किया। यहां सोयाबीन फसल की कटाई चल रही थी। कलेक्टर ने खेत में मजदूरों के साथ बैठकर फसल की स्थिति, कटाई की गति और संभावित उत्पादन को लेकर चर्चा की।
कलेक्टर ने मजदूरों से खेत में चल रहे कटाई कार्य की जानकारी ली। मजदूर कांताबाई ने बताया कि इस वर्ष सोयाबीन की फसल अच्छी है। यदि बारिश नहीं होती है तो कटी हुई फसल के खराब होने की आशंका कम रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रति बीघा करीब 4 से 5 क्विंटल सोयाबीन उत्पादन होने का अनुमान है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेत से स्वयं सोयाबीन की फलियां तोड़ीं और उनमें से दाने निकालकर फसल की स्थिति देखी।
उन्होंने मजदूरों से यह भी पूछा कि कटाई में कितना समय लग रहा है और प्रतिदिन कितने क्षेत्र में काम पूरा किया जा रहा है। मजदूरों ने बताया कि तीन मजदूर मिलकर एक दिन में लगभग एक बीघा सोयाबीन की कटाई कर लेते हैं। कलेक्टर ने किसानों और मजदूरों से सीधे संवाद कर फसल की गुणवत्ता, संभावित उत्पादन तथा कटाई की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन भी मौजूद रहीं।

