मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 127 मोटरसाइकिलें और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

10 दिनों में कई जिलों में वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश, चोरी के वाहनों की बरामदगी से अपराधियों पर कसा शिकंजा

भोपाल, 16 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। विगत 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया और कुल 127 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली सूचनाओं और संदिग्धों की निगरानी के आधार पर इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया। अभियान के दौरान वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

खंडवा में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

खंडवा पुलिस ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 61 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों को जंगलों और सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे तथा बाद में उन्हें मोटरसाइकिल, स्क्रैप या पुर्जों के रूप में बेच देते थे।

वहीं, थाना मांधाता पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 4.10 लाख रुपये है। इस प्रकार खंडवा जिले में कुल 68 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

गुना और शिवपुरी में भी बड़ी सफलता

गुना जिले के राघौगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है।

शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई गई है।

रतलाम में छह मोटरसाइकिलें जब्त

रतलाम जिले के ताल थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर अवैध जहरीली शराब की तस्करी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

मध्यप्रदेश पुलिस ने अन्य जिलों में भी वाहन चोरी के विरुद्ध कार्रवाई की। उज्जैन में पांच मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, छतरपुर में पांच, भोपाल में चार, सिवनी में चार, ग्वालियर में दो तथा अशोकनगर, दतिया और खरगोन में एक-एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। विभिन्न जिलों में हुई इन कार्रवाइयों से वाहन चोर गिरोहों की गतिविधियों का खुलासा करने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी सहित अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!