नामली में भीषण सड़क हादसा: ट्राले की टक्कर से मां और एक माह के मासूम की मौत, पिता गंभीर कृषि उपज मंडी के पास हुआ हादसा, चार वर्षीय बेटी को आई मामूली चोट; दुर्घटना के बाद ट्राला चालक फरार

नामली (रतलाम) पुलिस दर्पण

मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में महू-नीमच हाईवे पर नामली नगर के समीप कृषि उपज मंडी के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रहे एक ट्राले ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय महिला और उसके एक माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार चार वर्षीय बेटी को मामूली चोट आई है। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने जा रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले में दलोदा के समीप ग्राम लामगरी निवासी 25 वर्षीय अनिल अपनी ससुराल रतलाम जिले के ग्राम बड़ौदा आया हुआ था। सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने ससुर की बाइक से पत्नी सुगनाबाई (23), चार वर्षीय बेटी अर्चना और एक माह के बेटे हर्षित के साथ नामली जा रहा था। परिवार अपने नवजात बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए निकला था।

पीछे से ट्राले ने मारी जोरदार टक्कर

परिवार जब नामली कृषि उपज मंडी के समीप पहुंचा, तभी मंदसौर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्राले ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में सुगनाबाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति अनिल और एक माह का बेटा हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। चार वर्षीय अर्चना को मामूली चोट आई।

मेडिकल कॉलेज में मासूम ने भी तोड़ा दम

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नामली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों सहित मृतका को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां उपचार के दौरान एक माह के मासूम हर्षित की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अनिल का अस्पताल में उपचार जारी है।

फरार ट्राला चालक की तलाश में पुलिस

नामली थाने के उपनिरीक्षक केके पटेल के अनुसार, ट्राले द्वारा बाइक को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्राला लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!