रस्सी के सहारे तीसरी मंजिल से उतर रही नवविवाहिता की मौत, 10 दिन पहले हुई थी शादी

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र स्थित करमदी रोड पर महावीर पेट्रोल पंप के सामने एक मकान में बिहार से विवाह कर लाई गई 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार युवती तीसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर घर से निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन पुरानी रस्सी टूट जाने से वह नीचे आंगन में सिर के बल गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान संध्या कुमारी (23) निवासी करवंदिया, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। उसका विवाह करीब 10 से 12 दिन पहले करमदी रोड निवासी मुकेश कुमार चौहान (45) से हुआ था। सूचना मिलने पर एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गुरुवार देर रात संध्या मकान की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंची। वहां रखी मचान बांधने वाली पुरानी नारियल की रस्सी को दोहरा कर वह नीचे उतरने लगी। करीब 10 फीट नीचे पहुंचने पर जर्जर रस्सी बीच से टूट गई, जिससे वह मकान के पिछले हिस्से में सिर के बल गिर गई। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

पूछताछ में पति मुकेश चौहान ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी बड़नगर क्षेत्र के भेसला कलां निवासी मोहन नामक व्यक्ति के माध्यम से कराई गई थी। उसके अनुसार पहले शादी के लिए साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की गई थी, बाद में 2.60 लाख रुपये में बात तय हुई। वह अपने साथियों के साथ बिहार सीमा के पास कोचस क्षेत्र पहुंचा, जहां एक होटल में विवाह की रस्म पूरी होने के बाद 27 जुलाई को संध्या को रतलाम लाया गया।

घटना के बाद पुलिस ने बिहार में बताए गए परिजनों तथा विवाह कराने वाले कथित दलाल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी के मोबाइल फोन बंद मिले। पुलिस के अनुसार संबंधित दलाल भी अपने घर पर नहीं मिला। ऐसे में पुलिस अब फर्जी विवाह कराने वाले गिरोह की संभावित भूमिका सहित पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना देकर रतलाम बुलाया, लेकिन शनिवार तक कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव पति के सुपुर्द किया गया और पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय स्तर पर अंतिम संस्कार कराया गया।
फिलहाल माणक चौक थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं पर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!