कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने किया परियोजना का निरीक्षण, वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जल निगम के अधिकारियों के साथ झाबुआ जिले की सीमा पर माही नदी आधारित पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से माही नदी का पानी रतलाम जिले के 630 गांवों तक पहुंचाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इंटेक वेल, फिल्टर प्लांट सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बताया कि परियोजना के वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों में आ रही चुनौतियों की जानकारी लेकर उनका त्वरित समाधान करना है, ताकि परियोजना के कार्य में तेजी लाई जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि माही नदी पेयजल परियोजना रतलाम जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। परियोजना पूर्ण होने के बाद 630 गांवों के हजारों ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन एवं सैलाना एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

