DSP के घर ACB का ‘मेगा रेड’

200 करोड़ तक की संपत्ति, 2 किलो सोना, 43 लाख नकद और 50+ एकड़ जमीन का खुलासा

तेलंगाना ACB की 16 ठिकानों पर छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज हुआ केस; विदेशी शराब की 23 बोतलें भी मिलीं

हैदराबाद / पुलिस दर्पण

तेलंगाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज (PCS) में पदस्थ DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर उनके आवास सहित 16 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों के ठिकानों तक पहुंची।

जांच के दौरान ACB को हैदराबाद के इब्राहिमबाग में विला, गाचीबौली, तेल्लापुर और टेलीकॉम नगर में लग्जरी फ्लैट, पेंटहाउस, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में हिस्सेदारी, कई प्लॉट तथा तेलंगाना और कर्नाटक में 50 एकड़ से अधिक कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज मिले। इसके अलावा लगभग 43.6 लाख रुपये नकद, करीब 2 किलोग्राम सोने के आभूषण, 20 किलोग्राम चांदी, करीब 19.91 लाख रुपये बैंक बैलेंस तथा 75 लाख रुपये के निवेश का भी खुलासा हुआ।

छापेमारी के दौरान अधिकारी के घर से विदेशी शराब की 23 बोतलें भी बरामद हुईं, जिसके बाद ACB ने आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सूचित किया। ACB का कहना है कि बरामद अचल संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य दस्तावेजी मूल्य से कई गुना अधिक हो सकता है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!