अपराधियों पर नहीं, पुलिस पर गिरी गाज !

रतलाम स्टेशन रोड थाने के TI समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, SP अमित कुमार का बड़ा एक्शन

चाकूबाजी, आगजनी और बढ़ते अपराधों पर सख्त रुख—लापरवाही उजागर होने के बाद एसपी की कार्रवाई, अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में।

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कथित लापरवाही पर आखिरकार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन, एएसआई देवेन्द्र सिंह सेंगर और तत्कालीन एफआरवी-112 में तैनात (वर्तमान प्रधान आरक्षक) भूपेन्द्र सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच कर दिया। मामले में अन्य बीट अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है।

चाकूबाजी ने खोली पुलिस की पोल

10 जुलाई को शनि गली में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बाबर फिरदोस खान पठान के खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह थाना स्टेशन रोड की गुंडा सूची में भी शामिल था। इसके बावजूद उस पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि बीट अधिकारी, चीता पुलिस और एफआरवी स्टाफ की निगरानी कमजोर रही, जिसके चलते आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में ही फरियादी अंकित भोई पर चाकू से हमला कर दिया।

अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं

इसी बीच हरमाला रोड स्थित लक्ष्मीनगर में पुरानी रंजिश के चलते गोलू उर्फ चिंटू सोलंकी ने निखिल चौरसिया के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया और घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। आरोपी ने दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जनआक्रोश के बाद हरकत में पुलिस

लगातार हो रही चाकूबाजी, रंगदारी, आगजनी और मारपीट की घटनाओं से नाराज महापौर सहित भाजपा नेताओं ने 15 जुलाई को स्टेशन रोड थाने का घेराव कर थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इसके बाद पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त चलाकर 37 स्थायी वारंट और 71 गिरफ्तारी वारंट तामील किए तथा हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों की सघन जांच की।

अब एएसपी करेंगे पूरी पड़ताल

पूरे मामले की प्राथमिक जांच एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!