गुड़ खिलाने के दौरान हुआ हादसा, महावत हिरासत में; पुलिस और जू प्रशासन ने शुरू की जांच
इंदौर / पुलिस दर्पण।
इंदौर। इंदौर में एक दर्दनाक हादसे में हाथी के हमले से एक ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब चालक हाथी को गुड़ खिला रहा था। अचानक हाथी उग्र हो गया और उसने चालक को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उसे पैरों से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना शनिवार शाम करीब 4:18 बजे राजनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। इसका सीसीटीवी वीडियो रविवार को सामने आया। मृतक की पहचान विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर (49 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मांगलिक कार्यक्रम में लाया गया था हाथी
पुलिस के अनुसार हाथी को उज्जैन से जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को इलाके में घुमा रहा था। इसी दौरान ऑटो चालक विजय राव ने हाथी को रोककर उसे गुड़ खिलाना शुरू किया। तभी हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया तथा पैरों से कुचल दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह हाथी को काबू किया और घायल विजय को पहले जिला अस्पताल, बाद में बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया। रात करीब 7:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं।
महावत हिरासत में, जू प्रशासन को दी गई सूचना
डीसीपी (जोन-2) तिलक करोले के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। महावत से पूछताछ की जा रही है तथा हाथी के संबंध में इंदौर जू प्रबंधन को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस के अनुसार घटना के समय मृतक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हाथी के व्यवहार, सुरक्षा व्यवस्था तथा लापरवाही के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

