महिला पुलिसकर्मी से कथित छेड़छाड़: हेड कॉन्स्टेबल पर एफआईआर

महिला पुलिसकर्मी से कथित छेड़छाड़: हेड कॉन्स्टेबल पर एफआईआर, पीछा करने और कार में बंधक बनाने का आरोप।

एकतरफा दबाव, धमकियां और कार में कैद करने के आरोपों से मचा हड़कंप; पुलिस विभाग में मची हलचल।

इंदौर / देवास | पुलिस दर्पण

इंदौर । मध्यप्रदेश पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। देवास जिले में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ महिला पुलिसकर्मी ने लगातार पीछा करने, शादी का दबाव बनाने, धमकियां देने और कार में जबरन बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी को लाइन अटैच कर दिया गया है।

पीड़ित महिला कांस्टेबल की शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा से देवास में पदस्थापना के दौरान हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन बाद में आरोपी लगातार फोन करने लगा और बातचीत के लिए दबाव बनाने लगा। मना करने के बावजूद वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करता रहा और पीछा करता रहा।

महिला का आरोप है कि आरोपी कई बार शादी करने का दबाव बनाता था और मना करने पर आत्महत्या करने जैसी बातें कहकर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश करता था। इतना ही नहीं, वह सरकारी अस्पताल तक उसका पीछा करते हुए पहुंच गया, जहां महिला एक अन्य प्रकरण में मेडिकल प्रक्रिया के लिए गई थी।

कार में बंद कर बनाया बंधक

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह है कि एक दिन आरोपी ने महिला को बहाने से अपनी कार में बैठाया। इसके बाद कार के दरवाजे लॉक कर दिए, मोबाइल फोन छीन लिया और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट भी की गई।

इसी दौरान महिला की मां का फोन आने पर उसने किसी तरह उन्हें अपनी स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महिला के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया।

स्थानांतरण के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा

महिला का कहना है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उसने देवास से इंदौर तबादला करा लिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना और फोन कर परेशान करना बंद नहीं किया।

एफआईआर दर्ज, आरोपी लाइन अटैच

देवास पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इंदौर पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर बाणगंगा थाने में आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के विरुद्ध छेड़छाड़, धमकी, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसडीओपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।

पुलिस प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को लाइन अटैच कर दिया है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!