मामा के घर छिपाकर रखा था लूट का माल, 502 ग्राम सोना और 1.270 किलो चांदी बरामद
रतलाम/बिलपांक। पुलिस दर्पण
रतलाम/बिलपांक। रतलाम के चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट के सराफा व्यापारी से बस में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में बिलपांक पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गौरव गुर्जर पिता भागीरथ गुर्जर, निवासी हरसोला, इंदौर को शनिवार तड़के उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से उसके हिस्से में आया करीब 80 लाख रुपये मूल्य का सोना और चांदी बरामद किया गया है।
बस में व्यापारी को घेरकर छीना था जेवरात से भरा बैग
मामला 13 अगस्त की रात का है। रतलाम के चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट के सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया बड़नगर में व्यापारिक कार्य निपटाकर बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:15 बजे उमरथाना फंटा (हनुमान चौकी) के पास बस में सवार आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
300 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला लूट का रास्ता
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पेंड्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी किशोर पाटनवाला के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गईं।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों की संभावित आवाजाही वाले मार्गों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर तकनीक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को लूट की पूरी साजिश और उसमें शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलते गए।
मास्टरमाइंड समेत सात आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके
पुलिस इस मामले में पहले ही 15 और 16 अगस्त को मास्टरमाइंड रोहित नायक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 4.167 किलोग्राम सोना और 4.047 किलोग्राम चांदी बरामद की थी।
अब फरार चल रहे गौरव गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद मामले में बरामदगी का दायरा और बढ़ गया है।
मथुरा भाग गया था आरोपी, लौटकर मामा के घर छिपाया माल
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी गौरव गुर्जर फरारी काटने के लिए मथुरा चला गया था। वहां से लौटने के बाद उसने अपने हिस्से में आया लूट का माल अपने पड़ोस में रहने वाले मामा के घर छिपाकर रख दिया था।
पुलिस टीम को तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने तड़के उसके निवास स्थान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
502 ग्राम सोना और 1.270 किलो चांदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 502 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1 किलो 270 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी, लूट के माल को कहां-कहां ठिकाने लगाया गया तथा वारदात से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
ढाबा संचालक है आरोपी, एक दिन पहले दर्ज हुआ था शराब का मामला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौरव गुर्जर इंदौर के हरसोला क्षेत्र में ढाबा संचालित करता है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी से एक दिन पूर्व ही अवैध शराब से संबंधित प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
लूट के मामले में उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बिलपांक निरीक्षक अय्यूब खान, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, नरेंद्र चावड़ा, निलेश पाठक, दिलीप रावत तथा आरक्षक संजय सोनी, रोशन राठौर और माखन सिंह की विशेष भूमिका रही।
बिलपांक पुलिस की लगातार कार्रवाई से करोड़ों की सराफा लूट के मामले में आरोपियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पहले सात आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में सोना-चांदी की बरामदगी के बाद अब गौरव गुर्जर से करीब 80 लाख रुपये का माल बरामद होना पुलिस जांच की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। मामले में आगे की पूछताछ के बाद लूट की पूरी कड़ी और सामने आने की संभावना है।

