पुणे। पुलिस दर्पण
पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन अग्रवाल की हत्या के लिए पहले एक सुपारी किलर से संपर्क किया था। हालांकि, जब उस व्यक्ति को केतन और पूरे मामले की जानकारी मिली तो उसने सुपारी लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पुणे के एक होटल का सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किया है, जहां आरोपियों की उस व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। जांच एजेंसियां अब उसे अदालत में महत्वपूर्ण गवाह के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने और पुलिस पूछताछ का सामना करने के लिए दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर लगभग दो घंटे लंबे जापानी वीडियो देखे। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो में पूछताछ के दौरान शांत रहने, चेहरे के हाव-भाव नियंत्रित रखने और सवालों के जवाब देने के तरीके बताए गए थे। आरोपियों की वेब हिस्ट्री से ऐसे वीडियो के लिंक मिलने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या करने का आरोप सिया गोयल और चेतन चौधरी पर है। जांच में यह भी दावा किया गया है कि इससे पहले भी हत्या की एक कोशिश नाकाम रही थी और पूरी साजिश कई दिनों तक योजनाबद्ध तरीके से रची गई। डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड को जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
इस बीच, मीडिया रिपोर्टों में यह दावा भी सामने आया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने सगाई के बाद कथित रूप से गुपचुप शादी कर ली थी। पुणे पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए राजस्थान के एक मंदिर और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अभी तक इस कथित शादी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि उनके बेटे और सिया का रिश्ता एक परिचित परिवार की सिफारिश पर तय हुआ था। उन्होंने मांग की कि रिश्ता कराने वाले परिवार की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच हो, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुणे पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, कथित सुपारी कनेक्शन तथा अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

