सावन के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को निकलेगी श्री मोजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी, चौथे वर्ष में करेगा प्रवेश

समिति की बैठक में आयोजन को और अधिक भव्य बनाने पर मंथन, देश-विदेश के कलाकार और आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण

रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम । सावन माह के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त 2026 को भगवान श्री मोजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी अपने चौथे वर्ष में प्रवेश करेगी। इस आयोजन को लेकर शुक्रवार को गोपाल जी का बड़ा मंदिर, माणकचौक में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाही सवारी को इस वर्ष और अधिक भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से विस्तृत चर्चा की गई तथा समिति सदस्यों ने आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्य प्रदेश के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने कहा कि श्री मोजी शंकर महादेव की शाही सवारी अब रतलाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली शाही सवारी को पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य रूप दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो।

उन्होंने बताया कि शाही सवारी में देश-विदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियां, आकर्षक धार्मिक झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मनमोहक ध्वनि तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भगवान श्री मोजी शंकर महादेव की शाही सवारी नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी और श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर प्रदान करेगी।

बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने साज-सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच संचालन, कलाकारों के स्वागत, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। सभी सुझावों को आयोजन में शामिल करने पर सहमति भी बनी।

बैठक के अंत में समिति ने समस्त शिव भक्तों एवं नगरवासियों से अपील की कि वे सावन माह के द्वितीय सोमवार, 10 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भगवान श्री मोजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल, भव्य और ऐतिहासिक बनाने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!