ग्वालियर को मिली भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की बड़ी डिजिटल सौगात

ग्वालियर को मिली बड़ी डिजिटल सौगात: UIDAI का अत्याधुनिक पहला आधार सेवा केंद्र शुरू, सप्ताह के सातों दिन मिलेगी सुविधा।

ग्वालियर | पुलिस दर्पण

मध्यप्रदेश के ग्वालियर को डिजिटल नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा संचालित प्रदेश के पहले अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ गुरुवार को ग्वालियर में किया गया। जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया और स्वयं भी अपना आधार अपडेट कराकर नागरिकों को आधार जानकारी अद्यतन रखने का संदेश दिया।

सचिन तेंदुलकर रोड स्थित इस आधुनिक आधार सेवा केंद्र में नागरिकों को आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर अपडेट, नाम, पता एवं अन्य आवश्यक संशोधन जैसी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ उपलब्ध होंगी। उद्घाटन अवसर पर UIDAI राज्य कार्यालय भोपाल के निदेशक सुमित मिश्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कलेक्टर बोलीं— आधार आज हर नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण पहचान

श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि आधार प्रत्येक भारतीय नागरिक की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है। समय-समय पर बायोमेट्रिक, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरण अपडेट कराना आवश्यक होता है। विशेष रूप से नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए आधार अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक केंद्र ग्वालियरवासियों के लिए भारत सरकार और UIDAI की महत्वपूर्ण सौगात है।

सातों दिन मिलेगी सेवा, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा

नया आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा। नागरिक ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर अपनी सुविधानुसार समय तय कर सकेंगे, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलेगी। केंद्र में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर भी बनाए गए हैं। आधार सेवा केंद्र प्रबंधक की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

तीन महीने में 24 और जिलों तक पहुंचेगी सुविधा

UIDAI के राज्य निदेशक सुमित मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में ऐसे 12 आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं। अगले तीन महीनों में प्रदेश के 24 और जिलों में नए आधार सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपने जिले में ही बेहतर एवं त्वरित आधार सेवाएं मिल सकेंगी।

ग्वालियर में शुरू हुआ यह आधुनिक आधार सेवा केंद्र डिजिटल इंडिया अभियान को नई गति देने के साथ-साथ नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!