जिला ब्यूरो निर्मला पहाडे
छिंदवाड़ा । जिला छिंदवाड़ा में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामेश्वर चौबे के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी लोहित सैंडे के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई।
अभियान के दौरान निजी वाहनों में हूटर, फ्लैश लाइट, अनाधिकृत VIP स्टिकर, काली फिल्म तथा बिना HSRP नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई का विवरण इस प्रकार रहा:
35 वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट नहीं होने पर 17,500 रुपये का चालान।
19 वाहनों पर काली फिल्म पाए जाने पर 9,500 रुपये का चालान।
3 वाहनों पर अनाधिकृत VIP स्टिकर लगाने पर 1,500 रुपये का चालान।
2 वाहनों पर फ्लैश लाइट लगाने पर 1,000 रुपये का चालान।
4 वाहनों से अवैध रूप से लगाए गए हूटर मौके पर ही हटाए गए।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 63 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 29,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन निर्धारित मानकों के अनुसार चलाएं तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।


