सुनार बावड़ी इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी पति हिरासत में; हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम। रतलाम शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र स्थित सुनार बावड़ी इलाके में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपने ही घर में दो मासूम बच्चों के सामने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। गले पर किए गए कई वारों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय अली असगर अपनी 32 वर्षीय पत्नी रूकैया तथा दो बच्चों के साथ घर पर मौजूद था। दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान अली असगर ने चाकू उठाकर पत्नी के गले पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते रूकैया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उस समय दोनों मासूम बच्चे भी घर में मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वारदात की खबर फैलते ही सुनार बावड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ ही देर में मृतका और आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पहले शिवगढ़ क्षेत्र में फोटो स्टूडियो संचालित करता था। बाद में वह ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित कार्य करने लगा था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह वह कार्य भी नहीं कर रहा था।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।


