जबलपुर। पुलिस दर्पण
जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ग्वारीघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 343 पाव देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 38 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस मामले में फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना ग्वारीघाट पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि 5 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिब्बू गोस्वामी भीमनगर स्थित पानी की टंकी के नीचे अपने घर के पास अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री की तैयारी कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी दो बोरियां छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मौके पर मिली दोनों बोरियों की तलाशी लेने पर 343 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 38,400 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर फरार आरोपी शिब्बू गोस्वामी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

