जबलपुर। पुलिस दर्पण
जबलपुर। थाना खितौला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नकबजनी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 212.3 ग्राम सोने के आभूषण, 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो एवं अमेज कार तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 65 हजार 200 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कोरी (22), आकाश पटेल (28) और शनि पटेल (18) निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, थाना पनागर, जिला जबलपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने अपने किराए के मकान में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और लाखों रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
इस संबंध में थाना खितौला में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम की मदद ली। साथ ही अचानक आर्थिक स्थिति में सुधार वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी गई। 5 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भरदा पड़रिया के तीन युवकों ने हाल ही में दो कारें खरीदी हैं और सोने के आभूषण बेचने या गिरवी रखने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने खितौला क्षेत्र की पालीवाल कॉलोनी स्थित सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई अमेज और अल्टो कार तथा नकदी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले में अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकांत झा, उपनिरीक्षक रामवरण मिश्रा, क्राइम ब्रांच, साइबर सेल एवं थाना खितौला की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

