जबलपुर में अवैध हथियार कारोबार पर बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार, 49 चाइना चाकू जब्त

क्राइम ब्रांच और अधारताल, रांझी व पनागर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, यूट्यूब के जरिए अजमेर से चाकू मंगाने का खुलासा

जबलपुर | पुलिस दर्पण

जबलपुर । पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और अधारताल, रांझी तथा पनागर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 नग चाइना चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह तथा संबंधित नगर पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

यूट्यूब से मिला सप्लायर, अजमेर से खरीदे चाकू

पुलिस के अनुसार अधारताल थाना क्षेत्र में एसबीआई बैंक के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए आरोपी अभिषेक उर्फ छिंगा के पास से 38 चाइना चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यूट्यूब के माध्यम से अजमेर के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला था। संपर्क करने के बाद वह अजमेर रेलवे स्टेशन गया और वहां से 60 चाइना चाकू खरीदकर जबलपुर लाया, जिन्हें परिचितों को बेचने की तैयारी थी।

तीनों थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई

अधारताल पुलिस ने दो अन्य आरोपियों से 8 चाइना चाकू, रांझी पुलिस ने 2 चाइना चाकू तथा पनागर पुलिस ने 1 चाइना चाकू बरामद किया। इस प्रकार संयुक्त कार्रवाई में कुल 49 चाइना चाकू जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

अधारताल: अभिषेक उर्फ छिंगा, अभिषेक कोल, आकाश उर्फ काला सिंह

रांझी: साहिल केवट, गगन रैकवार

पनागर: मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन

जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है, अब तक कितने अवैध हथियार बेचे जा चुके हैं और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!