मालिक के घर से जेवरात और नकदी उड़ाने वाला नौकर गिरफ्तार, 5.50 लाख के जेवरात बरामद

कपड़ा व्यवसायी के घर हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण जब्त

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। शहर की पंचशील कॉलोनी में कपड़ा व्यवसायी के घर हुई चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी के मामले में संदेह के आधार पर व्यवसायी की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी सुमित उर्फ सुम्मी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 5 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पंचशील कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यवसायी प्रदीप जैन ने 25 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 के बीच उनके घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 825/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कर्मचारी पर संदेह, पूछताछ में खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे की टीम ने संदेह के आधार पर व्यवसायी की दुकान में काम करने वाले सुमित उर्फ सुम्मी, निवासी लालबाग, छिंदवाड़ा से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घर से जेवरात और नकदी चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

ये आभूषण किए गए बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने के हार, चांदी की 14 जोड़ी पायल, चांदी की छह जोड़ी बिछिया, एक हाथ का मेहंदी आभूषण तथा एक चांदी का करधन बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष धुर्वे सहित प्रधान आरक्षक नारायण, लीलाधर, आरक्षक परवेज आजमी, अंकित जैन, भास्कर बघेल, अनिल बघेल, आदित्य नंदनवार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन सिंह और आरक्षक आदित्य रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!