दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की से 85 हजार रुपये और सोने के जेवर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

एक साल से फरार चल रहा था आरोपी, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा; दूसरा आरोपी अब भी फरार

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की से 85 हजार रुपये नकद एवं सोने के जेवर चोरी करने के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर 2025 को प्रार्थिया चांदनी बेंदवार, निवासी लालबाग, थाना कोतवाली छिंदवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर 2025 को उसने अपनी स्कूटी क्रमांक MP28.ZF.2473 अभिषेक चौकसे के घर के सामने कराबोह में खड़ी की थी। स्कूटी की डिक्की में 85 हजार रुपये नकद तथा सोने के मंगलसूत्र के सोने की गुरिया रखी थी, जिन्हें अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।

प्रार्थिया ने अभिषेक चौकसे के घर के सामने खड़े हिमांशु उर्फ चीटा और अक्षय यादव पर संदेह जताया था। मामले में देहात थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 463/2025, धारा 303(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ाया

पुलिस को 2 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि मामले का संदिग्ध आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा बेलवंशी, एसएलआर स्कूल के पास किराए के मकान में अपने किसी दोस्त के घर रुका हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने टीम गठित कर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर घटना के दिन अपने साथी अक्षय यादव के साथ युवती की स्कूटी से रुपये एवं सोने के जेवर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने अपने हिस्से में आए 35 हजार रुपये को खाने-पीने में खर्च करना बताया। पुलिस ने आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शराब तस्करी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित पूर्व से कई मामले थाना कुंडीपुरा, मोहखेड़ एवं देहात में दर्ज हैं।

दूसरा आरोपी अभी फरार

मामले में आरोपी अक्षय यादव, निवासी पुराना छापाखाना, साहू ज्वेलर्स के पीछे, थाना कोतवाली छिंदवाड़ा, अभी फरार है। उसकी तलाश में देहात पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, एसआई संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक 275 सूरज सिंह चौहान, आरक्षक 148 शेरसिंह रघुवंशी, आरक्षक 779 सौरभ सिंह बघेल, आरक्षक 667 तरुण परतेती, साइबर सेल से आरक्षक 811 नितिन तथा आरक्षक 842 आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!