पुलिस के हत्थे चढ़ा आर्म्स एक्ट का स्थायी वारंटी

11 मामलों में आरोपी जितेन्द्र विश्वकर्मा को न्यायालय में किया जाएगा पेश
संवाददाता बैतूल देवी नाथ लोखंडे
बैतूल। जिला पुलिस द्वारा फरार और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को पाथाखेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गंभीर अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बैतूल के न्यायालय से अपराध क्रमांक 750/2017 में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी जितेन्द्र पिता जियालाल विश्वकर्मा (29 वर्ष), निवासी शास्त्री नगर, पाथाखेड़ा के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को 10 जुलाई 2026 को पाथाखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना सारणी में मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह टेकाम, आरक्षक राकेश करपे, रविमोहन दरशिमा तथा सैनिक सुभाष रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!