11 जुलाई से विश्व जनसंख्या दिवस अभियान

स्वस्थ परिवार के लिए सही समय पर गर्भधारण और बच्चों में अंतराल पर रहेगा जोर
11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में परिवार नियोजन परामर्श, गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सही समय पर गर्भधारण, दो बच्चों के बीच उचित अंतराल तथा स्वैच्छिक परिवार नियोजन साधनों के उपयोग को बढ़ावा देकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना है। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम “मां और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण के लिए सही समय तथा गर्भावस्था के मध्य सही अंतर रखा जाना जरूरी है, अनचाहे गर्भधारण से बचें” निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का नारा “जब तक बच्चों में हो सही अंतर, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखा गया है। डॉ. वाडीवा ने बताया कि 11 जुलाई से 18 जुलाई तक जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सेल्फ केयर किट के माध्यम से कंडोम, प्रेग्नेंसी टेस्ट किट और आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियों का वितरण तथा निःशुल्क परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
अभियान के दौरान सास-बहू सम्मेलन, परिवार विकास सम्मेलन और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से परिवार नियोजन के महत्व और स्वस्थ परिवार की अवधारणा को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मंडलोई ने बताया कि विवाह के बाद पहले बच्चे के जन्म में कम से कम दो वर्ष की देरी, पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतराल, प्रसव एवं गर्भपात के बाद परिवार नियोजन सेवाओं का उपयोग तथा पुरुषों की सक्रिय भागीदारी से परिवार को स्वस्थ और खुशहाल बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर दंपतियों को परिवार नियोजन, गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग और सुरक्षित मातृत्व से संबंधित जानकारी एवं परामर्श देंगे, ताकि हर परिवार स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध जीवन की ओर अग्रसर हो सके।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!