आठ खेतों में चल रही थी अवैध खेती, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5.89 करोड़ रुपये
भोपाल, 18 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नीमच और धार जिलों में आठ खेतों में उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त किया है। पुलिस ने 52 हजार से अधिक हरे पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 34 क्विंटल से अधिक और अनुमानित कीमत 5 करोड़ 89 लाख 49 हजार रुपये बताई गई है। दोनों जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल आठ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। संदिग्ध क्षेत्रों की पहचान के लिए ड्रोन से निगरानी और पुलिस टीमों द्वारा मौके पर सघन तलाशी ली गई।
नीमच में चार खेतों से 27.95 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त
नीमच जिले में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में 16 अक्टूबर को थाना कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा की चार संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की। ड्रोन से हवाई निगरानी के बाद पुलिस टीमों ने चार अलग-अलग खेतों में तलाशी ली। यहां पत्थरों की ऊंची घेराबंदी और मक्का की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से 51 हजार हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 27.95 क्विंटल और अनुमानित कीमत 2 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपये है। संबंधित भूमि स्वामियों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
धार में ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
धार जिले में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत मनावर पुलिस ने 16 अक्टूबर को ग्राम बोहारला, चौकी उमरबन क्षेत्र में कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीन पुलिस टीमों ने अलग-अलग खेतों में एक साथ तलाशी ली। इस दौरान कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए गए गांजे के 1,223 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 1,621.98 किलोग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 43 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए।
एक अन्य कार्रवाई में थाना बाग और पुलिस चौकी डेहरी की टीम ने 17 अक्टूबर को ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा स्थित खेत में गांजे की अवैध खेती पकड़ी। पुलिस ने कपास की फसल के बीच उगाए गए 586 पौधे जब्त किए, जिनका वजन 446.6 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 66 लाख 99 हजार रुपये है। आरोपी के विरुद्ध थाना बाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, धार जिले की दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,809 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 2,068.58 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ नौ लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। दुर्गम और वन क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक तथा पुलिस बल की प्रत्यक्ष सर्चिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें और इस अभियान में सहयोग करें।

