बस स्टैंड पर युवक को धमकाकर ₹500 और चांदी की पायल लूटी, आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में किया लूट का खुलासा, चोरी की बाइक भी बरामद

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में युवक को जान से खत्म करने की धमकी देकर नगदी और चांदी की पायल लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹500 नगद, चांदी जैसी धातु की एक जोड़ी पायल और घटना में प्रयुक्त NS 125 पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में मोटरसाइकिल को बैतूल बाजार क्षेत्र से चोरी करना भी स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे फरियादी सोमलाल उईके (19), निवासी ग्राम चारढाना, चुनालोमा, अपने दोस्तों के साथ बैतूल बस स्टैंड पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास बनी पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान भगवा रंग की NS पल्सर मोटरसाइकिल से एक युवक वहां पहुंचा। पीली टी-शर्ट पहने आरोपी ने फरियादी को धमकाते हुए पैसे निकालने के लिए कहा और जान से खत्म करने की धमकी दी।

आरोप है कि युवक ने फरियादी की शर्ट की जेब से जबरन ₹500 नगद निकाल लिए। इसके बाद उसके बैग में रखी उसकी बहन की चांदी की एक जोड़ी पायल भी लेकर मौके से फरार हो गया।

फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 753/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हुलिए और बाइक के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में संदिग्ध की तलाश शुरू की। फरियादी द्वारा बताए गए आरोपी के हुलिए तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस ने पतारसी करते हुए संदिग्ध लोकेश मर्सकोले को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में लोकेश ने फरियादी से ₹500 और पायल लूटने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटी गई सामग्री बरामद की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक भी आरोपी ने बैतूल बाजार क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया।

आरोपी लोकेश पिता तुलसीराम मर्सकोले (20 वर्ष), निवासी ग्राम माहोली, थाना आमला, जिला बैतूल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ये सामग्री हुई बरामद

₹500 नगद, चांदी जैसी धातु की एक जोड़ी पायल, NS 125 Pulsar मोटरसाइकिल क्रमांक MP 48 MK 2348

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक बसंत आहके, प्रधान आरक्षक शिव कुमार उइके, आरक्षक नितिन चौहान एवं आरक्षक उज्जवल दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि लूट, चोरी, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अपराध की सूचना समय पर मिलने से आरोपियों तक तेजी से पहुंचने और लूटी गई सामग्री बरामद करने में मदद मिलती है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!