51.840 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ बोलेरो जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तामिया थाना क्षेत्र की देंलाखारी चौकी पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरी बोलेरो वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन से 51.840 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 1 बजे चौकी देंलाखारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक MP44 BC 1658 में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र पवार ने पुलिस टीम के साथ सांघाखेड़ा वार्ड में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की बोलेरो वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो पीछे की सीट पर McDowell’s No.1 Celebration अंग्रेजी शराब की छह पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 180 एमएल के 48 सीलबंद क्वार्टर थे। इस तरह कुल 288 क्वार्टर, यानी 51.840 लीटर शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपए तथा बोलेरो वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी है। कुल 8.50 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई।
मामले में पुलिस ने बोलेरो चालक रामसिंह पिता सुमरसिंह अखाड़ी (35), निवासी सांघाखेड़ा तथा कंडक्टर नाराण भोपा पिता झब्बू सिंह भोपा (40), निवासी सांघाखेड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। मौके पर वीडियोग्राफी एवं पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र पवार के साथ आरक्षक मधुप्रसाद कुलस्ते, भीमसिंह परते, प्रमोद उइके एवं जयेन्द्र पाल सिंह राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

