मुख्यमंत्री ने बोया विश्वास, किसानों संग निभाया अन्नदाता का रिश्ता

हल थामा, खेत में उतरे मुख्यमंत्री कुकरू की धरती पर

बैतूलपुलिस दर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने ग्रामीणों का दिल जीत लिया। मंच से सीधे खेत तक पहुंचे मुख्यमंत्री ने किसान सहादेव गायनी के खेत में स्वयं हल चलाया और मक्का की बोवनी कर प्रदेश के अन्नदाताओं के प्रति अपना सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।
खेत में मिट्टी से जुड़कर मुख्यमंत्री ने किसानों से खरीफ फसल, खेती की चुनौतियों और उपज के विक्रय पर विस्तार से चर्चा की। किसान सहादेव गायनी ने बताया कि उनके पास लगभग पांच एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें इस समय मक्का की बुवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने खेती की बारीकियों में रुचि लेते हुए किसानों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि कृषि ही प्रदेश की समृद्धि की असली नींव है।

कार्यक्रम का एक और आकर्षक क्षण तब आया, जब ग्राम के 21 वर्षीय युवक हेमंत गायनी ने पारंपरिक लाठी घुमाने की अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। युवक की प्रतिभा से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उसकी खुलकर सराहना की और स्वयं भी लाठी घुमाकर ग्रामीण संस्कृति और युवाओं के हुनर को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री का यह सहज और अपनापन भरा अंदाज ग्रामीणों के बीच लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा।

इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!