मंत्री ने विद्यालय के विकास कार्यों का किया लोकार्पण

शिक्षा और संस्कारों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव – मंत्री श्री कुशवाह

ग्वालियर / पुलिस दर्पण
सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने शनिवार को माधोगंज स्थित श्री महारुद्र मण्डल समिति एवं अभिनव विद्या मंदिर विद्यालय में विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शिशु वाटिका, वाहन पार्किंग शेड, प्रसाधन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, श्रेष्ठ संस्कार और बेहतर आधारभूत सुविधाएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं तथा इन क्षेत्रों में निरंतर कार्य करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र में शिक्षा एवं विकास से जुड़े कार्यों का निरंतर विस्तार करना हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समाज और शासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखरने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य भारत क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य श्री यशवंत इंदापुरकर, श्री महारुद्र मण्डल समिति के अध्यक्ष श्री विवेक खेडकर, पार्षद श्री अनिल साँखला एवं श्री मोहित जाट, तथा श्री अमर कुटे, श्री यशवर्धन जैन, श्री किरण कल्याणकर, डॉ. कमल भदौरिया, श्री पप्पू वर्मा, श्री मनोज भार्गव, श्री गौरव वाजपेयी सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!