मध्यप्रदेश में महिलाओं की सहकारी क्रांति की तैयारी: अगले माह से बनेगी महिला सहकारी सोसायटियां

देश में अग्रणी बनेगा प्रदेश – विश्वास कैलाश सारंग।

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर सहकारी सप्ताह समारोह में मंत्री का बड़ा ऐलान, बीज उत्पादन, ऑनलाइन केसीसी और डिजिटलीकरण में भी मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका पर दिया जोर।

भोपाल | पुलिस दर्पण

मध्यप्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने घोषणा की है कि प्रदेश जल्द ही महिलाओं की सहकारी सोसायटियों के गठन में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत अगले माह से की जाएगी, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।

रविवार को भोपाल स्थित अपेक्स बैंक में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सहकारी सप्ताह समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सहकारिता क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश पहले ही कंप्यूटरीकरण, ऑनलाइन ऑडिट और ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वितरण में अग्रणी भूमिका निभा चुका है तथा अब बीज उत्पादन के क्षेत्र में भी देश का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सहकारिता आंदोलन समाज के गरीब, किसान, महिला और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही हैं और रोजगार सृजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सम्मान और पुरस्कार केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी होते हैं, जिससे बेहतर कार्य करने की नई ऊर्जा मिलती है।

अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेशभर के जिलों में उत्साहपूर्वक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सहकारी संघ के प्रबंध संचालक ऋतुराज रंजन ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। जरी-जरदोजी क्राफ्ट प्रतियोगिता में यासमीन खान प्रथम, गुड़िया द्वितीय और आशिया खान तृतीय रहीं। जूट क्राफ्ट प्रतियोगिता में धीरू पटेल प्रथम, संगीता यदुवंशी द्वितीय और पूजा श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहीं। कढ़ाई क्राफ्ट प्रतियोगिता में दामिनी सोलंकी ने प्रथम, सोनल महोबे ने द्वितीय तथा रागिनी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कृष कुमार साहू, दीपक कुमार सोनी और तृप्ति कुशवाहा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

महिला सशक्तिकरण, डिजिटलीकरण और आत्मनिर्भर सहकारिता की दिशा में मध्यप्रदेश की यह नई पहल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की ओर बढ़ता हुआ महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!