महिला को सोशल मीडिया पर अश्लील संदेश भेजने वाला शिक्षक गिरफ्तार, बैतूल पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बैतूल। पुलिस दर्पण

बैतूल। बैतूल जिले की थाना गंज पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजने के मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2025 को पीड़िता ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक फेसबुक अकाउंट से उसे लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 423/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 78(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67ए के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अगस्त 2026 को टेलीफोन कॉलोनी क्षेत्र से जितेन्द्र उर्फ जिम्मी नरवरे (42) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोदर, तहसील शाहपुर (जिला बैतूल) में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बैतूल पुलिस ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, प्रधान आरक्षक मंतराम सरयाम, चन्द्रशेखर हिगवे, मयूर तथा आरक्षक मनोज की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!