इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर ₹2.25 लाख की साइबर ठगी, शाजापुर से आरोपी गिरफ्तार

बैतूल। पुलिस दर्पण

बैतूल। कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ₹2.25 लाख की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को शाजापुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, सदर बैतूल के कारगिल चौक निवासी महिला ने 17 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 12 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब खोजते समय एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका संपर्क एक व्हाट्सएप नंबर से हुआ। वहां उसे होटल रेटिंग देने के बदले ऑनलाइन कमाई का लालच दिया गया।

शुरुआत में आरोपियों ने छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर निवेश की गई राशि के साथ कुछ मुनाफा लौटाया, जिससे शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया गया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में बड़ी रकम निवेश करवाई गई। जब राशि वापस नहीं मिली तो आरोपियों ने सिस्टम हैक होने का बहाना बनाकर पहले की रकम वापस दिलाने के नाम पर फिर ₹1.50 लाख जमा करा लिए। इस तरह पीड़िता से कुल ₹2.25 लाख की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।

शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली बैतूल में अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे एवं एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर साइबर ठगी के आरोपी फरीद खां को शाजापुर से गिरफ्तार कर लिया। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बैतूल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले पार्ट-टाइम जॉब, निवेश और अधिक मुनाफे के प्रलोभनों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अज्ञात खातों में पैसे जमा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!