मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन प्लान: आबादी भूमि की मुफ्त रजिस्ट्री, यूनियन कार्बाइड स्मारक, बायोमेट्रिक उपस्थिति और अग्निवीरों को 20% आरक्षण पर तेज़ी से होंगे फैसले

भोपाल / पुलिस दर्पण

गुरुवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चयनित विषयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए समय-सीमा में त्वरित निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाने तथा गांव-गांव शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कहा गया कि ‘स्कूल चलें अभियान’ के दौरान अधिकतम सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया जाए और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट, ममलेश्वर, राम वनगमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय जैसी प्रमुख विकास एवं धार्मिक परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों पर धर्मशाला, अन्न क्षेत्र, अस्पताल तथा अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। बैठक में यूनियन कार्बाइड की भूमि पर भव्य स्मारक निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने, मंत्रालय, सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन में सुशासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा होमगार्ड्स की भर्ती में तेजी लाने, प्रमुख मंदिरों में उनकी नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा अग्निवीरों को विशेष सशस्त्र बल में आरक्षक पदों की भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!