ग्वालियर में महिला की शिकायत पर पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज, पत्नी की मौत के बाद शादी करने का दिया था कथित भरोसा
ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक शादीशुदा महिला को पत्नी बनाने का झांसा देकर करीब तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने एसटीएफ निरीक्षक आनंद कुमार जाटव के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात आनंद कुमार जाटव से वर्ष 2022 में हुई थी। उस समय वह अपने पति से जुड़े मामले को लेकर परेशान थी। आनंद कुमार उस दौरान थाटीपुर थाने में एसआई के पद पर पदस्थ थे। महिला का आरोप है कि आनंद ने उसका केस खत्म कराने में मदद करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसका मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की।
पत्नी की मौत के बाद शादी का दिया भरोसा
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर 2022 की रात करीब 11 बजे आनंद उसके किराए के कमरे पर आए। उन्होंने उसका मामला निपटाने की बात कही। महिला के अनुसार जब उसने रात में उन्हें जाने के लिए कहा तो उन्होंने कथित तौर पर अपनी पत्नी को कैंसर होने और उसके ज्यादा समय तक जीवित नहीं रहने की बात कही।
महिला का आरोप है कि आनंद ने उसकी पत्नी की मृत्यु के बाद उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी झांसे में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
सिपाही के मकान में दिलाया किराए का कमरा
पीड़िता के मुताबिक आनंद ने अपने परिचित एक सिपाही के मकान में उसे किराए पर कमरा दिलाया। इसके बाद अप्रैल 2025 तक वह कथित तौर पर उसके कमरे पर आता रहा और जल्द शादी करने का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
बाद में आनंद जाटव का तबादला एसटीएफ विंग भोपाल में हो गया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आनंद ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि शादी से इनकार करने के बाद आरोपी ने उसे कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना प्रभारी रश्मि सिंह भदौरिया के अनुसार, पीड़िता ने निरीक्षक पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर निरीक्षक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आरोपी पक्ष का बयान सामने आना अभी बाकी है।

