संभागायुक्त ने वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम,पेटलावद का निरीक्षण कर छात्राओं से किया आत्मीय संवाद

झाबुआ / पुलिस दर्पण
संभागायुक्त इंदौर डॉ. सुदाम खाड़े ने आज पेटलावद स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी दिनचर्या, अध्ययन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने छात्राओं के साथ सहज एवं आत्मीय वातावरण में चर्चा की। उन्होंने छात्राओं से उनकी दैनिक दिनचर्या, अध्ययन, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के बारे में पूछा। छात्राओं ने बड़ी सरलता एवं उत्साह के साथ अपनी दिनचर्या तथा आश्रम में संचालित गतिविधियों की जानकारी साझा की।

खेलकूद के प्रति छात्राओं की रुचि को देखते हुए संभागायुक्त ने उनसे उनके पसंदीदा खेलों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि वे नियमित रूप से बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी एवं क्रिकेट जैसे खेलों में भाग लेती हैं। इस पर संभागायुक्त ने छात्राओं से उनके पसंदीदा क्रिकेट खिलाड़ियों के बारे में भी चर्चा की तथा उन्हें खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

संवाद के दौरान छात्राओं ने संभागायुक्त को क्षेत्रीय लोक संस्कृति से परिचित कराते हुए एक पारंपरिक लोकगीत भी प्रस्तुत किया। छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक अभिरुचि से प्रभावित होकर संभागायुक्त ने उनकी सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि 60 सीटर वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम में वर्तमान में 36 छात्राएं उपस्थित हैं। इस पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ पात्र छात्राओं को पूर्ण रूप से प्राप्त हो सके।

संभागायुक्त ने आश्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल सुविधाएं एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!