रतलाम में बेखौफ बदमाशों का आतंक: चाय की दुकान पर मांगा हफ्ता, इंकार करते ही मचाई तोड़फोड़, CCTV में कैद वारदात

स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की घटना से व्यापारियों में दहशत, पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । शहर में शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने सरेराह रंगदारी वसूलने की कोशिश कर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित गायत्री टॉकीज के नीचे संचालित ‘उपसरपंच चाय की दुकान’ पर छह युवकों ने पहुंचकर कथित तौर पर हफ्ते की मांग की। जब दुकान पर मौजूद कर्मचारी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने दुकान में जमकर हंगामा किया, सामान फेंका और तोड़फोड़ कर फरार हो गए।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार यह दुकान पुलिसकर्मी नीलेश पाटीदार की है। सुबह करीब 7:30 बजे कर्मचारी हर्षित पवार दुकान संभाल रहा था, तभी छह युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले रंगदारी की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही पलों में विवाद हिंसक हो गया और बदमाशों ने बाहर रखी पानी की केन उठाकर दुकान के अंदर फेंक दी तथा काउंटर पर रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो खुद को घिरता देख सभी आरोपी वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!