सर्राफा कारोबारी से 1.08 करोड़ की डकैती का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

आंखों में मिर्ची डालकर लूटा था सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग, पुलिस ने पूरा मशरूका किया बरामद

सिवनी। पुलिस दर्पण

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर सर्राफा कारोबारी की आंखों में मिर्ची डालकर की गई 1 करोड़ 8 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा मशरूका भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने कई जिलों में लगातार संदिग्धों की तलाश की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

दो बाइक पर आए थे सात बदमाश

घटना 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे ग्राम भोंगाखेड़ा वेयर हाउस के पास नेशनल हाईवे-44 पर हुई थी। लखनवाड़ा निवासी सर्राफा कारोबारी योगेन्द्र बघेल बंडोल बाजार से सोना-चांदी का व्यापार कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान दो बाइकों पर सवार सात अज्ञात बदमाशों ने कारोबारी की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों में से एक ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया, जबकि अन्य बदमाशों ने चाकू दिखाकर सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

कारोबारी के बैग में करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोना और नकदी सहित कुल करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये का मशरूका था।

200 से अधिक स्थानों के खंगाले सीसीटीवी फुटेज

वारदात के बाद कारोबारी ने बंडोल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल 10 विशेष टीमों का गठन किया।

पुलिस टीमों ने नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. जितेन्द्र उर्फ जित्तू, पिता माधव बंजारा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंजारा मोहल्ला, बंडोल — हत्या सहित 03 अपराध दर्ज।
  2. भूपेन्द्र, पिता गौतम जंघेला, उम्र 20 वर्ष, निवासी बंधा, थाना बंडोल — 04 अपराध दर्ज।
  3. योगेश, पिता राजकुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 07, समनापुर, थाना लखनवाड़ा — 04 अपराध दर्ज।
  4. राज उर्फ आरव, पिता राजू उइके, उम्र 20 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, छपारा — 01 अपराध दर्ज।
  5. दुर्गेश, पिता धनीराम नागोत्रा, उम्र 23 वर्ष, निवासी भैरोगंज, कोतवाली — 03 अपराध दर्ज।
  6. आकाश, पिता विजय डेहरिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, छपारा — 02 अपराध दर्ज।
  7. आदित्य उर्फ सिद्धू, पिता रविन्द्र लाहोरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी भैरोगंज, कोतवाली — 09 अपराध दर्ज।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और 10 विशेष टीमों के लगातार प्रयासों से वारदात के कुछ ही दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी और 1.08 करोड़ रुपये के पूरे मशरूके की बरामदगी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!