छिंदवाड़ा से अभियान का शुभारंभ, हर शुक्रवार अधिकारी रहेंगे जनता के बीच; 7 जनवरी 2027 तक चलेगा विशेष अभियान
भोपाल/छिंदवाड़ा। पुलिस दर्पण
भोपाल/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा से राज्यव्यापी जन-विश्वास अभियान 2026 का शुभारंभ किया। अभियान के पहले ही दिन मुख्यमंत्री ने एक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सख्त प्रशासनिक संदेश दिया। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने छिंदवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), संबंधित तहसीलदार और पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को सुशासन और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन के दरवाजे तक नहीं, बल्कि उनके गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर करना है। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर सामने आने वाली कठिनाइयों का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जन-विश्वास अभियान आगामी 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव और शहरों में पहुंचकर जनसंवाद, जनसुनवाई और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान सुशासन को नई दिशा देने के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रत्येक शुक्रवार किसी भी कार्यालय में नियमित बैठकें नहीं होंगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे, आमजन की समस्याएं सुनेंगे और शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।
रोजगार के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें एक हजार चालक पद भी शामिल हैं। इसके अलावा 10 हजार से अधिक स्कूल शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि उच्च शिक्षा विभाग में सात हजार से अधिक व्याख्याताओं की नियुक्ति की गई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा विभिन्न विभागों में 17 हजार नए पदों पर भर्ती के लिए भी अधिसूचना जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की जा चुकी है और अब दो लाख नई भर्तियों की प्रक्रिया जारी है।
छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को निर्धारित समय सीमा में प्रभावी और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-विश्वास अभियान केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

