श्रमजीवी पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन सम्पन्न

ग्रामीण पत्रकारों की लेखनी में समाज बदलने की ताकत

नामली / रतलाम मध्यप्रदेश

रतलाम। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन रतलाम में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, संगठन की मजबूती, ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका तथा पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया। समारोह के मुख्य अतिथि संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। रतलाम जिला इकाई के अध्यक्ष राजेश जैन ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों एवं संभाग भर से आए पत्रकारों का स्वागत किया।

सम्मेलन में पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम सभापति मनीषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

समाज को बदलने की असली ताकत ग्रामीण पत्रकारों में : शलभ भदौरिया

मुख्य अतिथि एवं प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि आखिर समाज पहले जैसी मजबूती से उनके साथ क्यों नहीं खड़ा दिखाई देता। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर बढ़ते हमले चिंता का विषय हैं। यदि पत्रकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करेगा तो समाज का विश्वास और सम्मान स्वतः लौट आएगा।

उन्होंने कहा कि “समाज को बदलने की असली ताकत ग्रामीण पत्रकारों में है। गांवों की समस्याओं और आमजन की पीड़ा को सबसे पहले वही सामने लाते हैं।” उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि सभी पत्रकारों की सहभागिता से आगे बढ़ता है।

पत्रकार समाज का आईना हैं

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी से समाज को आईना दिखाने का कार्य करते हैं। कई बार घटनास्थल पर पुलिस से पहले पत्रकार पहुंच जाते हैं और समाज को सही जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि जो तस्वीर जैसी है, उसे वैसी ही निष्पक्षता के साथ समाज के सामने प्रस्तुत किया जाए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी समाज और प्रशासन दोनों को जिम्मेदारी का एहसास कराती है। जब पत्रकार एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को उठाते हैं तो उनकी कलम की ताकत और अधिक प्रभावी हो जाती है।

पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में पत्रकारों का योगदान अविस्मरणीय रहा है। उस दौर के पत्रकारों ने निर्भीक होकर राष्ट्रहित में अपनी लेखनी चलाई और समाज को नई दिशा दी।

वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी ने कोरोना काल के बाद बंद हुई पत्रकार कल्याण योजनाओं, श्रद्धा निधि एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए पत्रकारों के हित में इन्हें पुनः प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई।

वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान, नई कार्यकारिणी की घोषणा

सम्मेलन के दौरान कई वरिष्ठ पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार एवं संगठनात्मक योगदान के लिए शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इसी अवसर पर संगठन की नई जिम्मेदारियों की घोषणा भी की गई, जिसमें राजेश जैन को रतलाम संभागीय अध्यक्ष, चेनसिंह सोलंकी (नीमच) को संभागीय महासचिव, विजय मीणा को रतलाम जिला अध्यक्ष तथा दिनेश दवे को जिला महासचिव घोषित किया गया।

बाबूलाल कर्णधार कर्णधार का भी हुआ सम्मान।

सम्मेलन के अवसर पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा नामली तहसील ईकाई की अध्यक्ष पदाधिकारियों की अनुशंसा पर वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल जी कर्णधार को पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार, सहकारिता, गौसेवा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया कि वर्ष 1976 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने दैनिक नवलोक, दैनिक चेतना, नई दुनिया सहित विभिन्न समाचार पत्रों में निष्पक्ष एवं जनपक्षीय पत्रकारिता के माध्यम से समाज जागरण का महत्वपूर्ण कार्य किया है। इसके साथ ही भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी के रूप में सफल दायित्व निभाने, किसानों के हित में सहकारिता क्षेत्र में योगदान, गोपाल गौशाला नामली से जुड़कर गौसेवा तथा शिक्षा क्षेत्र में शिक्षक सम्मान समारोह समिति की स्थापना एवं संचालन जैसे कार्यों को भी विशेष रूप से सराहा गया।

संभागभर से पत्रकार रहे उपस्थित।

सम्मेलन में विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, निगम सभापति मनीषा शर्मा, नीमच जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन, मंदसौर जिला अध्यक्ष हेमंत जैन, उज्जैन संभाग अध्यक्ष मनोज जैन, संभागीय महासचिव राजेंद्र अग्रवाल, छतरपुर संभाग महासचिव प्रतीक खरे, डॉ. नरेंद्र सिंह राजावत, भेरूलाल टांक, राजेंद्र राठौर, श्रीनाथ योगी, शैलेन्द्र कोठारी, दिलीप कर्णधार सहित रतलाम, नीमच एवं मंदसौर जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!