तंबाकू मुक्त हरदा की दिशा में आईडीए की नई पहल, ‘प्रोजेक्ट नवचेतना’ अभियान होगा शुरू

हरदा / पुलिस दर्पण संवाददाता

जिले को तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने तथा युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) हरदा शाखा ने “प्रोजेक्ट नवचेतना : राइज एवभ टोबैको” अभियान शुरू करने की पहल की है। इस संबंध में आईडीए के पदाधिकारियों ने कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन से भेंट कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा इसके सफल संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध किया।
आईडीए हरदा शाखा की अध्यक्ष डॉ. मेधा विवेक भुस्कुटे एवं मानद सचिव डॉ. विपुल बांगड़ ने कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन को बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के उद्देश्यों के अनुरूप जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि आईडीए हरदा शाखा के प्रशिक्षित दंत चिकित्सकों की टीम विद्यालयों में जाकर जागरूकता व्याख्यान, संवादात्मक सत्र, तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के खतरों संबंधी जानकारी, सूचना-शिक्षा-संचार (आईईसी) सामग्री का वितरण तथा तंबाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध परामर्श एवं सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करेगी।
पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान में शामिल चिकित्सकों ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित “ट्रेन द ट्रेनर” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इस प्रशिक्षण में तंबाकू नियंत्रण, नशामुक्ति परामर्श एवं विद्यालय आधारित जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक समन्वय एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आईडीए हरदा शाखा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से जिले में “तंबाकू मुक्त हरदा” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *