स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त एक्शन

निरीक्षण में खामियां मिलने पर नोटिस के निर्देश, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए आदेश
रतलामपुलिस दर्पण
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीआईटी रोड एवं मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, दीनदयाल नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ओपीडी की स्थिति, गर्भवती महिलाओं की जांच, हाई-रिस्क गर्भवतियों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाएं, आयरन सुक्रोज उपलब्धता, आवश्यक दवाइयों का स्टॉक, आभा आईडी निर्माण, अनमोल पोर्टल पर पंजीयन, टीकाकरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीआईटी रोड शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सभी आगंतुकों की आभा आईडी बनाने, प्रत्येक गर्भवती महिला का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन करने, सभी रिकॉर्ड एवं रजिस्टर व्यवस्थित रखने, चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने, सेवाओं की अद्यतन जानकारी चस्पा करने तथा दवाइयों के सुव्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय पर आयरन सुक्रोज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में कार्यरत मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से जिला चिकित्सालय के बजाय उनके संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर ही दर्ज की जाए, ताकि कार्य की वास्तविक निगरानी सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा, शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गौरव बोरीवाल, चिकित्सक, एलएचवी, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर के इस सख्त निरीक्षण से जिले के स्वास्थ्य अमले में जवाबदेही और सतर्कता का संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!