जावरा को मिली शिक्षा क्षेत्र की बड़ी सौगात, सुजापुर और ढोढर में बनेंगे बालिका छात्रावास

रतलाम/जावरा | पुलिस दर्पण

रतलाम। जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास भवन निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। दोनों छात्रावासों के निर्माण के लिए करीब 6 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। इससे क्षेत्र की सैकड़ों बालिकाओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा के साथ बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।

विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लंबे समय से भवनविहीन स्कूलों एवं छात्रावासों के लिए नए भवनों की स्वीकृति की मांग की जा रही थी। हाल ही में जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस आवश्यकता से अवगत कराया गया था, जिसके बाद उन्होंने सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास निर्माण की घोषणा की थी।

घोषणा के बाद विधायक डॉ. पांडेय ने विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया को गति दिलाने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह से मुलाकात कर बालिकाओं को होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य शिक्षा केंद्र ने ढोढर में 50 सीटर नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास तथा सुजापुर में 100 सीटर बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए 6.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी कर दी।

विधायक ने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में अब तक दो सांदीपनि विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दो महाविद्यालय और दो बालिका छात्रावास की स्वीकृति दिलाई जा चुकी है। इससे क्षेत्र को शैक्षणिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

उन्होंने बताया कि आगामी समय में पिपलौदा में जिला स्तरीय दिव्यांग छात्रावास का नया भवन भी बनाया जाएगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही की जा चुकी है और इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। साथ ही क्षेत्र के भवनविहीन हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए नए भवनों की स्वीकृति दिलाने के प्रयास भी जारी हैं। दो नए बालिका छात्रावासों की स्वीकृति पर जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, दिनेश पाटीदार, राजेश शर्मा, रितेश जैन, अजय पांडेय, अमित पाठक, बालाराम मालवीय, जगदीश माली, राकेश चौहान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह एवं विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय का आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!