कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, WhatsApp के ‘OK’ मैसेज से दिया था लूट का इशारा।
ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचे बदमाश, पुलिस ने पूरी 40 लाख रुपये की नकदी बरामद की; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार।
रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम शहर में 40 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कर्मचारी ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी 40 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है, जबकि उसके दो साथी अभी भी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शराब व्यवसायी की दुकानों से एकत्र नकदी कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारी फरदीन ने पहले से रची गई साजिश के तहत अपने साथियों को व्हाट्सएप पर “OK” संदेश भेजकर लूट का संकेत दिया। इसके बाद ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर पहुंचे दोनों आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की सतर्कता ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।
फरदीन की निशानदेही पर उसके घर तथा सह-आरोपी के घर से पूरी 40 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है। फरदीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके भाई फैज और साथी असबाब की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस बहुचर्चित मामले का खुलासा करने में थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए 24 घंटे के भीतर न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि पूरी लूटी गई रकम भी सुरक्षित बरामद कर ली।

