कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने पहली चाल चलकर राष्ट्रीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का किया शुभारंभ।
4 वर्षीय सानवी गर्ग से लेकर 85 वर्षीय आर.के. गुप्ता तक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, देशभर के प्रतिभागी ले रहे हिस्सा।
नीमच | पुलिस दर्पण
जिला शतरंज संघ, नीमच के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को टाउन हॉल, नीमच में गरिमामय वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शतरंज की पहली चाल चलकर किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नीमच सहित मध्यप्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुभारंभ अवसर पर प्रतियोगिता की सबसे कम आयु की प्रतिभागी 4 वर्षीय सानवी गर्ग (नीमच) एवं सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 85 वर्षीय आर.के. गुप्ता (झांसी) ने भी कलेक्टर के साथ प्रतीकात्मक चाल चलकर प्रतियोगिता का आगाज किया। यह दृश्य उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, एकाग्रता, अनुशासन, तार्किक सोच और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर होती है। जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प ही खिलाड़ी को सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं।
जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शतरंज जैसे बौद्धिक खेल को बढ़ावा देना, जिले की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास का विकास करना है। इस आयोजन से युवा खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

