घर से दुकान जाने निकली थी मासूम, लोकेशन ट्रेस कर कर्नाटक से सकुशल बरामद; अपहरण के एंगल पर जांच जारी
बैतूल संवाददाता देवी नाथ लोखंडे
बैतूल। बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सारणी पुलिस ने 111 दिन बाद कर्नाटक के बैंगलोर से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। तकनीकी जांच और लगातार की गई तलाश के बाद पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में अपहरण का अपराध दर्ज है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे नाबालिग बच्ची घर से दुकान जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 19 मार्च को थाना सारणी में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर अपराध क्रमांक 89/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे तथा एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बैंगलोर पहुंची। 7 जुलाई 2026 को बच्ची को वहां से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बच्ची बैंगलोर कैसे पहुंची, उसके साथ कौन था और क्या उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उइके, सहायक उपनिरीक्षक शिवपाल इरपाचे, आरक्षक देवा धुर्वे तथा साइबर सेल के पंकज नरवरे, दीपेन्द्र और राजेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

