श्री हनुमान मंदिर के महंत से ₹3.20 लाख की ऑनलाइन ठगी का आरोप, सीएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग”

जय सिद्धपीठ वीर हनुमान मंदिर बोरदा के महंत जितेंद्रदास महाराज भक्तों के साथ पहुंचे सीएसपी कार्यालय, शेरपुर खुर्द निवासी पर ऑनलाइन भुगतान लेकर धोखाधड़ी का आरोप।
रतलाम / जावरा । पुलिस दर्पण (पत्रिका)

रतलाम जिले के जावरा स्थित श्री जय सिद्धपीठ वीर हनुमान मंदिर, ग्राम बोरदा के महंत श्री जितेंद्रदास महाराज बुधवार को अपने समर्थकों एवं भक्तजनों के साथ सीएसपी कार्यालय जावरा पहुंचे। यहां उन्होंने रीडर सहायक उपनिरीक्षक सुभाष पाटीदार को एक लिखित आवेदन सौंपकर ऑनलाइन ठगी के मामले में निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की।

आवेदन के अनुसार, महंत जितेंद्रदास महाराज ने आरोप लगाया है कि कन्हैयालाल पिता मोहनलाल धाकड़, निवासी ग्राम शेरपुर खुर्द, तहसील आलोट, जिला रतलाम ने धार्मिक आस्था एवं विश्वास का लाभ उठाकर मंदिर के विकास और भूमि क्रय के नाम पर विभिन्न तिथियों में ऑनलाइन भुगतान प्राप्त किया, लेकिन बाद में वादा पूरा नहीं किया।

आवेदन के साथ संलग्न लेनदेन विवरण में भारतीय स्टेट बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से किए गए कुल 13 ऑनलाइन ट्रांजैक्शन दर्शाए गए हैं, जिनकी कुल राशि ₹3,20,000 बताई गई है। आवेदन में उल्लेख है कि बार-बार राशि वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं लौटाया गया तथा संबंधित व्यक्ति से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।
महंत ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके साथ विश्वासघात कर ऑनलाइन माध्यम से धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई करने तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!