बिना नंबर की थार में 200 किलो डोडाचूरा जब्त, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार

महू-नीमच हाईवे पर जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख का मादक पदार्थ व लग्जरी वाहन जब्त, ड्रग्स नेटवर्क की तलाश तेज।

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के बावजूद तस्कर अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम महू-नीमच हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को सड़क से नीचे उतारकर तेज गति से रतलाम की ओर भगा दिया।

पुलिस ने तत्काल पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर ने बरगढ़ फंटे से लगभग 100 मीटर दूर सड़क किनारे थार छोड़ दी और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।

तस्करी के लिए हटाई गई थी पीछे की सीट।

जब पुलिस ने लावारिस खड़ी थार की तलाशी ली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तस्कर ने वाहन की पीछे वाली सीट हटाकर उसकी जगह काले रंग के 10 प्लास्टिक के बोरे रखे थे। प्रत्येक बोरे में 20-20 किलोग्राम डोडाचूरा भरा हुआ मिला। इस प्रकार कुल 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 387/2026 दर्ज कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, प्रधान आरक्षक संजय सोनावा, आरक्षक कमलेश, गोविंद, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र, प्रीतम, पवन, शादाब एवं योगेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!