पुलिस के सामने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

बुर्का पहनकर आई महिला पर मिर्च पाउडर फेंकने का आरोप, जांच तेज।

रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम । स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में एक शराब दुकान के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक पर चाकू से हुए कथित जानलेवा हमले के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया है। घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अंकित (निवासी भोई मोहल्ला) पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद 8 से 10 लोगों को मौके पर बुलाया गया। इसी दौरान डायल पुलिस के पहुंचने के बावजूद एक बुर्का पहने महिला ने कथित रूप से अंकित की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर हमलावरों ने युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका आपातकालीन ऑपरेशन किया। परिजनों के अनुसार उसके पेट और सीने में गंभीर घाव आए हैं तथा कई टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

घटना स्थल पर एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छूट जाने के बाद पुलिस ने उसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। पीड़ित परिवार ने अपने आवेदन में कुछ लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए एक महिला पर भी हमले में सहयोग करने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!