“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का प्रथम दिवस — जिलेभर में रैलियों, शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ हुआ प्रभावी शुभारंभ

👉 स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निकाली गई नशा मुक्ति रैलियां, हजारों विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने लिया सहभागिता का संकल्प
👉युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक, नशामुक्त समाज निर्माण की दिलाई शपथ
👉जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षण संस्थानों ने मिलकर दिया नशामुक्ति का संदेश

रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम । पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के अंतर्गत रतलाम जिले में आज अभियान का प्रभावी शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के प्रथम दिवस स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं कस्बों में नशा मुक्ति रैलियां निकाली गईं। विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

आलोट में रैली एवं शपथ के साथ अभियान का शुभारंभ–
थाना आलोट क्षेत्र में संदीपनी विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर, एसडीएम आलोट, थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र गौतम, पुलिस एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।

बरखेड़ा कला में “ड्रग अवेयरनेस रन” आयोजित–
थाना बरखेड़ा कला अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ड्रग अवेयरनेस रन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

ताल में छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली–
थाना ताल क्षेत्र में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ नशा मुक्ति जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा छात्राओं को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

सैलाना में एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने दिया संदेश–
थाना सैलाना क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय से विद्यार्थियों द्वारा विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल, थाना प्रभारी सैलाना श्रीमती पिंकी आकाश, पुलिस, पत्रकारगण एवं विद्यालय परिवार की सहभागिता रही। रैली के माध्यम से नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील की गई।

जावरा शहर में संदीपनी विद्यालय के साथ निकली रैली–
थाना जावरा शहर क्षेत्र में संदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी निरीक्षक श्री दीपक मंडलोई एवं पुलिस बल उपस्थित रहे। रैली उपरांत सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया।

बड़ावदा में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता–
थाना बड़ावदा क्षेत्र में नगर परिषद से बस स्टैंड तक जागरूकता रैली आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

बरडिया गोयल में विद्यार्थियों को किया जागरूक–
एसडीओपी जावरा श्री संदीप मालवीय द्वारा थाना बड़ावदा अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम बरडिया गोयल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कालूखेड़ा, सरवन एवं शिवगढ़ में भी हुए जागरूकता कार्यक्रम–
थाना कालूखेड़ा में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह चौहान द्वारा थाना परिसर में अभियान का शुभारंभ कर आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
थाना सरवन में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में कस्बे में जागरूकता रैली निकाली गई तथा नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
थाना शिवगढ़ में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत मकवाना द्वारा आमजन से संवाद कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई।

15 दिनों तक जारी रहेंगे विविध जनजागरूकता कार्यक्रम–
रतलाम पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक इकाइयों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नशा मुक्ति रैलियां, व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, जनसंवाद, सोशल मीडिया अभियान एवं विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रतलाम पुलिस की अपील–
रतलाम पुलिस ने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे नशे से स्वयं दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या संग्रहण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
“नशे से दूरी है ज़रूरी — स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!