15 दिवसीय अभियान में रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं, मानव श्रृंखला और विशेष चेकिंग अभियान होंगे आयोजित, नशे के सौदागरों की सूचना के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर 7049127232
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम ।मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार रतलाम जिले में बुधवार से 15 दिवसीय राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
अभियान का शुभारंभ पुलिस लाइन रतलाम से रतलाम रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने नशा मुक्ति जनजागरूकता रथ एवं वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
नशा मुक्त समाज का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने कहा कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए पुलिस विभाग सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों के साथ मिलकर जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।
15 दिन चलेंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम
15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताएं, चित्रकला, निबंध, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में जनसंवाद, खिलाड़ियों एवं धार्मिक गुरुओं के माध्यम से संदेश, सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार-प्रसार तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान आयोजित किए जाएंगे।
नशे के सौदागरों की सूचना दें, पहचान रहेगी गोपनीय
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या संग्रहण की जानकारी मिले तो तत्काल रतलाम पुलिस नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 7049127232 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल, श्री राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी श्री अजय सारवान, श्री आनंद स्वरूप सोनी, एसडीओपी श्री किशोर पटनवाला, रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“नशे से दूरी है जरूरी — स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज।”

