प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में (खरीफ 2026) अपनी अधिसूचित फसल का बीमा 31 जुलाई तक अवश्य कराएं
रायसेन / पुलिस दर्पण
रायसेन । प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले में अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा कराने हेतु प्रेरित करने के लिए बुधवार को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में जिला स्तरीय सहकारी बैंक समितियों एवं सीएससी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जिला सहकारी बैंक के सीईओ श्री अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी, जिले के सभी वीएलई एवं पैक्स प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में सीईओ श्री अजय कुमार ने कहा कि अल-नीनो के संभावित प्रभाव से अनियमित वर्षा एवं प्राकृतिक आपदाओं की संभावना को देखते हुए किसानों को अपनी फसल का बीमा कराने हेतु प्रेरित किया जाए। किसानों को बताएं कि फसल बीमा प्राकृतिक आपदा, सूखा, अतिवृष्टि एवं मौसम के कारण होने वाले अन्य जोखिमों से होने वाली आर्थिक हानि से सुरक्षा प्रदान करता है।
उन्होंने सभी वीएलई एवं पैक्स प्रतिनिधियों से कहा कि किसानों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु 31 जुलाई 2026 के पहले ही पंजीयन सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर एसबीआई जनरल इंश्योरेंस की ओर से श्री विनय यादव ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की नामांकन प्रक्रिया, पंजीयन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

