ऑपरेशन ‘नशे पर प्रहार’ : जावरा पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹2.90 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत रतलाम पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, रिमांड में खुलेंगे ड्रग्स नेटवर्क के कई बड़े राज

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ के तहत रतलाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जावरा शहर पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 29.05 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹2.90 लाख बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत एएसपी विवेक कुमार, सीएसपी युवराज सिंह चौहान तथा थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचा तस्कर

उपनिरीक्षक राकेश मेहरा एवं उनकी टीम को सूचना मिली कि एक युवक एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए अजमेरी गेट-भीमाखेड़ी चौराहा रोड स्थित सीताराम बाग के सामने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर हुसैन खान (26) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 29.05 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

पूछताछ में खुला सप्लाई नेटवर्क का राज

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में हुसैन खान ने खुलासा किया कि वह यह ड्रग्स फारुख मेवाती से खरीदकर आगे सप्लाई करता था। पुलिस ने बिना देर किए मोमिनपुरा क्षेत्र में दबिश देकर फारुख मेवाती को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिमांड में खुलेंगे कई बड़े खुलासे

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। अब पुलिस उनसे ड्रग्स सप्लाई चेन, मुख्य सप्लायर, खरीदारों और पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी गिरोह के कई और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, एएसआई सगीर खान, जाकिर खान, मृदंग सातपुते, राहुल उपाध्याय, शैलेन्द्र सिंह, ललित सिंह जगावत, राजेश पंवार, चन्द्रशेखर खटवड़, सूरेन्द्र सिंह सिसौदिया, राजेश पटेल, नारायण सिंह, सुगड़ सिंह, चेनराम पाटीदार, भोम सिंह पंवार, रणजीत, संदीप, मोहित नोगिया एवं देवेन्द्र शर्मा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
“रतलाम पुलिस का संदेश साफ — नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं, अभियान रहेगा लगातार जारी!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!